जौनपुर में बढ़ते अपराधों पर व्यापार मंडल ने जताई चिंता, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
जौनपुर। जनपद में लगातार बढ़ रही हत्या, दुष्कर्म, लूट, छिनैती एवं अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यापार मंडल के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह 'इंदु' ने पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिले में आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं से पुलिस का इकबाल कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन समय-समय पर अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने का दावा करता है, लेकिन इसके बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
इंद्रभान सिंह ने आरोप लगाया कि जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। उनके अनुसार अपराधी खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस घटनाओं के बाद केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नजर आती है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी और कठोर कदम नहीं उठाए गए तो जनता का पुलिस और प्रशासन पर विश्वास कमजोर पड़ सकता है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि व्यापारी, महिलाएं, बेटियां और आम नागरिक सुरक्षित माहौल चाहते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने, पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने तथा पुलिस तंत्र की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, व्यापार मंडल का कहना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाकर ही पुलिस प्रशासन एवं प्रदेश सरकार के प्रति जनता का विश्वास कायम रखा जा सकता है।
इस आशय की जानकारी व्यापार मंडल के जिला महामंत्री आरिफ हबीब ने दी।

