जौनपुर में बिजली के पोलों से हटाया गया तारों का मकड़जाल, बारिश में करंट उतरने के खतरे पर लगी रोक
जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के व्यस्त बाजारों में बिजली के पोलों पर वर्षों से बेतरतीब ढंग से लटकी बंद पड़ी केबलों और अनुपयोगी वाई-फाई तारों के मकड़जाल को विद्युत विभाग ने अभियान चलाकर हटाया। इस कार्रवाई से न केवल शहर की सूरत बदली, बल्कि बारिश के दौरान करंट उतरने जैसी संभावित दुर्घटनाओं का खतरा भी काफी हद तक कम हो गया।
विद्युत विभाग के अवर अभियंता नीरज कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ट्रैक्टर माउंटेड लिफ्ट और सीढ़ियों की सहायता से बिजली के पोलों पर चढ़कर अनावश्यक केबल, कटे-फटे तार और बंद पड़े इंटरनेट कनेक्शन की लाइनें हटाईं। कर्मचारियों ने पोलों पर फैले तारों को व्यवस्थित करते हुए पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया।
बताया गया कि लंबे समय से विभिन्न इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और अन्य एजेंसियों की पुरानी केबलें पोलों पर लटक रही थीं। इससे न केवल बाजार की सुंदरता प्रभावित हो रही थी, बल्कि बरसात के मौसम में करंट उतरने और हादसे की आशंका भी बनी रहती थी। विभाग की इस पहल के बाद अब संभावित खतरा काफी कम हो गया है।
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने विद्युत विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया। विभाग ने जानकारी दी कि शहर के अन्य इलाकों में भी जल्द ही इसी प्रकार का विशेष अभियान चलाकर बिजली के पोलों पर लटके अनुपयोगी तारों को हटाया जाएगा।

