नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन का त्रैवार्षिक अधिवेशन संपन्न, सीपी सिंह फिर बने शाखा मंत्री, संदीप कुमार को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
जौनपुर। नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन, जौनपुर शाखा का त्रैवार्षिक अधिवेशन बुधवार को जौनपुर जंक्शन स्थित यूनियन भवन में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान चुनाव अधिकारी एस.यू. शाह की देखरेख तथा मंडल मंत्री कामरेड विभूति मिश्रा और मंडल अध्यक्ष कामरेड सुधीर तिवारी की मौजूदगी में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी में सीपी सिंह को पुनः शाखा मंत्री तथा संदीप कुमार को शाखा अध्यक्ष चुना गया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर विक्की कुमार, संतोष यादव, पंकज त्रिपाठी और कृष्णा सिंह निर्वाचित हुए। सहायक शाखा मंत्री के रूप में अनिल कुमार उपाध्याय, विजेंद्र ठाकुर, अनिल कुमार मिश्रा, अशोक कुमार और अजय कुमार राय को जिम्मेदारी सौंपी गई। अनुज कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।
कर्मचारियों के हित सर्वोपरि, सम्मान से नहीं होगा समझौता : सीपी सिंह
पुनः शाखा मंत्री निर्वाचित होने के बाद सीपी सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रेल कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा यूनियन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कर्मचारियों के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं, लेकिन यूनियन पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ प्रशासन के सामने कर्मचारियों की हर जायज मांग को प्रभावी ढंग से उठाएगी।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हित और सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाकर कर्मचारियों की आवाज बुलंद करने का संकल्प भी दोहराया।

