गांधी स्मारक पीजी कॉलेज में 'पुस्तक पठन एवं पुस्तक समीक्षा' कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों में विकसित हुई अध्ययन संस्कृति
जौनपुर। गांधी स्मारक पी.जी. कॉलेज, समोधपुर में बुधवार को 'पुस्तक पठन एवं पुस्तक समीक्षा (Book Reading & Book Review)' कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करना, आलोचनात्मक चिंतन को बढ़ावा देना तथा साहित्य के प्रति रुचि जागृत करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि "पुस्तकें ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। नियमित अध्ययन से न केवल ज्ञान में वृद्धि होती है, बल्कि सकारात्मक चिंतन और सृजनात्मक दृष्टिकोण का भी विकास होता है।"
प्रातः 11 बजे से अपराह्न 12 बजे तक चले इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन किया और उसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार पुस्तक का परिचय, सारांश, प्रमुख विचार, प्राप्त सीख एवं निष्कर्ष पर आधारित समीक्षा तैयार की।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए पुस्तक पठन की महत्ता, नियमित अध्ययन की आदत तथा विश्लेषणात्मक एवं आलोचनात्मक लेखन की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा जताई।
डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में अध्ययन संस्कृति, बौद्धिक जिज्ञासा, आलोचनात्मक चिंतन तथा साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल साबित होगा।
इस अवसर पर प्रो. अरविंद कुमार सिंह, प्रो. राकेश कुमार यादव, प्रो. लक्ष्मण सिंह, डॉ. नीलमणि सिंह, डॉ. अवधेश कुमार मिश्रा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. अविनाश कुमार वर्मा, डॉ. आलोक प्रताप सिंह विसेन, डॉ. वंदना तिवारी, डॉ. विष्णुकांत त्रिपाठी, विकास कुमार यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

