प्राथमिक विद्यालय कुल्हनामऊ खास में शुरू हुई आईसीटी स्मार्ट क्लास, अब तकनीक से पढ़ेंगे नौनिहाल
सिकरारा, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कुल्हनामऊ खास में आईसीटी (स्मार्ट) क्लास का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में एडीओ (पंचायत) के.के. मिश्रा, एआरपी संतोष मिश्रा, शिक्षण संकुल प्रभारी अनंत प्रसाद यादव, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि आईसीटी आधारित स्मार्ट क्लास के माध्यम से प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे और डिजिटल शिक्षा के जरिए आज के तकनीकी युग के अनुरूप बेहतर ढंग से सीखने में सक्षम बनेंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने भी स्मार्ट क्लास शुरू होने पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि उनके बच्चे आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर भविष्य में नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे।
प्रधानाध्यापिका प्रीति राय ने विद्यालय में बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया। इस दौरान शिक्षिका विभा पाण्डेय, सिंधुजा श्रीवास्तव, नीलम चौहान, अर्चना यादव तथा शिक्षक रामकृष्ण यादव सहित विद्यालय परिवार ने बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

