राष्ट्रवीर सेना ने मनाई चन्द्रशेखर आजाद की जयंती, राष्ट्रभक्ति को जीवन का संस्कार बनाने का आह्वान
https://www.shirazehind.com/2026/07/blog-post_23.html
जौनपुर। राष्ट्रवीर सेना के तत्वावधान में महान क्रांतिकारी अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की जयंती नगर के हनुमान घाट स्थित कैम्प कार्यालय में श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के अध्यक्ष महेश कुमार ने भारत माता एवं चन्द्रशेखर आजाद के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया।
इसके बाद आयोजित गोष्ठी में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति, युवाओं की भूमिका तथा देश के प्रति कर्तव्यों पर अपने विचार रखे।
सक्रिय कार्यकर्ता शिवम् जायसवाल ने कहा कि "जिस प्रकार लोग 15 अगस्त और 26 जनवरी को देशभक्ति से ओत-प्रोत दिखाई देते हैं, उसी प्रकार हमें प्रतिदिन अपने जीवन में राष्ट्रभक्ति को उतारना होगा। राष्ट्रभक्ति केवल दो दिनों का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार बननी चाहिए।"
कार्यक्रम के अंत में भारत माता की महाआरती एवं राष्ट्र जयघोष के साथ वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर ओम प्रकाश गुप्ता, जगमेन्दर निषाद, दीपक सेठ, आशीष सेठ, मनीष निषाद, सियाराम गुप्ता, प्रीतम सेठ, चन्दन वर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

