जौनपुर का युवा बना राष्ट्रीय मंच की पहचान, प्रधानमंत्री मोदी से संवाद कर बटोरी सुर्खियां

 

जौनपुर। जनपद के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब बदलापुर ब्लॉक निवासी युवा आशीष सोनी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में हिस्सा लेकर जौनपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। 'मेरा युवा भारत'  के विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत देशभर से चयनित 403 प्रतिभागियों में शामिल आशीष ने विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर हिक्किम से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, जिस पर प्रधानमंत्री ने विशेष रुचि दिखाई।


 युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था मेरा युवा भारत  द्वारा गृह मंत्रालय एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सहयोग से यह कार्यक्रम 3 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित किया गया। इसमें देश के 245 जिलों से चुने गए 403 युवाओं ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 सीमावर्ती वाइब्रेंट गांवों में रहकर वहां की संस्कृति, जीवनशैली और विकास कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। 

जौनपुर से बदलापुर निवासी आशीष सोनी का चयन इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए हुआ। आशीष का चयन देशव्यापी क्विज़ प्रतियोगिता के माध्यम से हुआ, जिसमें लगभग 2.7 लाख युवाओं ने भाग लिया था। कठिन प्रतिस्पर्धा के बाद केवल 403 प्रतिभागियों को अंतिम रूप से चुना गया, जिनमें आशीष ने अपनी प्रतिभा के बल पर स्थान बनाया। कार्यक्रम के दौरान आशीष ने हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी स्थित काज़ा खास गांव का भ्रमण किया। 

प्रधानमंत्री के साथ संवाद में उन्होंने बताया कि उन्होंने विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर हिक्किम से स्वयं प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र भेजा था। उन्होंने यह भी बताया कि 15 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले इस दुर्गम क्षेत्र में भी क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली पूरी तरह सक्रिय मिली, जो सीमावर्ती गांवों तक डिजिटल इंडिया की मजबूत पहुंच का प्रमाण है। आशीष ने स्वयं सहायता समूहों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ग्रामीणों को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। साथ ही उन्होंने चिचम पुल के निर्माण से क्षेत्र में बढ़ी आर्थिक गतिविधियों और नाइट टूरिज्म की संभावनाओं का भी उल्लेख किया, जिसकी प्रधानमंत्री ने सराहना की।

 संवाद के बाद आशीष सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करना उनके जीवन का सबसे यादगार और प्रेरणादायक क्षण है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उन्हें राष्ट्र निर्माण में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता रहेगा। 'मेरा युवा भारत' का यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत @2047' के विजन को साकार करने की दिशा में युवाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, वहां की चुनौतियों और आईटीबीपी के जवानों के योगदान से परिचित कराने की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। 

 

Related

JAUNPUR 4157870976434142428

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item