पर्यावरण एवं प्रकृति संतुलन के लिए बहुत जरूरी हैं पेड़ : राकेश श्रीवास्तव
सरस्वती चिल्ड्रन एकेडमी में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा का बृहद वृक्षारोपण अभियान सम्पन्न
जौनपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संतुलन का संदेश देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, जौनपुर के तत्वावधान में सोमवार को शिवापार स्थित सरस्वती चिल्ड्रन एकेडमी परिसर में "एक सदस्य–एक पौधा" अभियान के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारियों, विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं तथा समाज के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश महासचिव एवं जिलाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण पूरी मानवता की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि "पेड़ धरती का आभूषण हैं। वे न केवल हमें शुद्ध वायु, छाया और जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण एवं प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।"
सरस्वती चिल्ड्रन एकेडमी के डायरेक्टर पी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि पौधा लगाना सराहनीय कार्य है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण उसका संरक्षण और नियमित देखभाल है। यदि लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी सभी लोग मिलकर निभाएं, तभी वृक्षारोपण अभियान सार्थक सिद्ध होगा। उन्होंने विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर दया शंकर निगम एवं सरोज श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आनंद मोहन श्रीवास्तव, जय आनन्द, एस.सी. लाल, श्याम रतन श्रीवास्तव, शशि श्रीवास्तव 'गुड्डू', राजेश श्रीवास्तव, संजीव श्रीवास्तव, सरिता श्रीवास्तव, रेनू श्रीवास्तव, वर्षा सिंह, सत्यम सिंह, आयु सिंह, शिवांगी यादव, सूर्यांश सिंह, आराध्य यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं कायस्थ समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला महासचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार संजय अस्थाना ने किया तथा अंत में सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

