जौनपुर में इनकम टैक्स अधिकारी बनकर पहुंचे बदमाश, सर्राफा व्यापारी से लाखों के गहने लूटने का प्रयास, तीन दबोचे गए
व्यापारी के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, दो आरोपी फरार, बोलेरो का नंबर निकला फर्जी
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर पुरानी बाजार में रविवार को खुद को आयकर (इनकम टैक्स) अधिकारी बताकर पहुंचे पांच बदमाशों ने एक सर्राफा व्यवसायी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटने का प्रयास किया। हालांकि व्यवसायी की सूझबूझ और ग्रामीणों की सतर्कता से तीन आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, रविवार अपराह्न करीब तीन बजे बोलेरो से आए पांच लोग गोपालापुर पुरानी बाजार निवासी सर्राफा व्यवसायी दिनेश बरनवाल की दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए पहचान पत्र दिखाया और जांच के नाम पर दुकान के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण बाहर निकलवाकर एक बैग में भर लिए।
आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने व्यवसायी और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्होंने व्यवसायी के लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। इसी दौरान व्यवसायी दंपति को शक हुआ और उन्होंने दुकान के अंदर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनते ही आसपास के व्यापारी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बदमाशों को घेर लिया। भीड़ को देख दो आरोपी पैदल ही फरार हो गए, जबकि तीन आरोपियों को ग्रामीणों ने बोलेरो सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना पर पहुंची रामपुर पुलिस तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। जांच के दौरान बोलेरो पर लगी नंबर प्लेट संदिग्ध मिली। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह नंबर एक बाइक का निकला है।
समाचार लिखे जाने तक बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्रामीण रामपुर थाने पर मौजूद रहे। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

