विद्यालयों के निरीक्षण में बच्चों की प्रतिभा से गदगद हुए अधिकारी
सवालों के फटाफट जवाब देकर बच्चों ने दिखाया आत्मविश्वास
सिकरारा (जौनपुर) ।राज्य परियोजना के सलाहकार मुहम्मद अनस ने शुक्रवार को क्षेत्र के निपुण और गैर निपुण विद्यालय के रूप में कंपोजिट विद्यालय डीह जहानिया व प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य प्रदेश के हर विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और सभी विद्यालयों को निपुण बनाना है।
प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर पहुंचते ही बच्चों ने अधिकारी का उत्साह से स्वागत किया। कक्षा में पहुंचकर सलाहकार ने बच्चों से पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों ने बिना घबराए निर्भीक होकर जवाब दिए। गणित, हिंदी और पर्यावरण के सवालों के फटाफट जवाब देकर बच्चों ने अपनी याददाश्त और बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
सलाहकार ने बच्चों की इस प्रतिभा और आत्मविश्वास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सिकरारा क्षेत्र के बच्चे पढ़ाई में काफी आगे हैं। शिक्षकों द्वारा कराई जा रही गतिविधि आधारित पढ़ाई का असर साफ दिखाई दे रहा है।
*निपुण भारत मिशन पर जोर*
सलाहकार मुहम्मद अनस ने शिक्षकों से कहा कि निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी क्षमता विकसित करना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए रोचक तरीके से पढ़ाई कराई जाए।
उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास और खेल सामग्री का भी निरीक्षण किया। शिक्षकों को निर्देश दिए कि कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि कोई भी बच्चा पीछे न रहे।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि ऐसे निरीक्षण लगातार किए जाएंगे ताकि शिक्षा की गुणवत्ता बनी रहे।
इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित सिंह एआरपी संतोष मिश्र विद्यालय के शिक्षक आराधना उपाध्याय मंजू जैसवार गजाला बानो नेहा जायसवाल श्यामधर यादव माधुरी सिंह मनोज कुमार भी मौजूद रहे।

