दुल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी भोले राजभर के अवैध मकान पर चला बुलडोजर
तहसीलदार शाहगंज की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, भारी पुलिस बल रहा तैनात; सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी-जपटापुर गांव का मामला।
जौनपुर। दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी भोले राजभर के खिलाफ जिला प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध मकान पर बुलडोजर चलवा दिया। प्रशासन के अनुसार आरोपी ने सरकारी राजस्व भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान का निर्माण कराया था, जिसे ध्वस्त कर कब्जा मुक्त कराया गया।प्रशासन की यह कार्रवाई तहसीलदार शाहगंज की मौजूदगी में की गई। मौके पर राजस्व विभाग की टीम, पुलिस प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
राजस्व विभाग की टीम ने पहले सरकारी भूमि का सीमांकन कराया, जिसके बाद अवैध निर्माण को चिन्हित कर जेसीबी मशीन से ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
यह कार्रवाई सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी-जपटापुर गांव में की गई। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के बाद आरोपी भोले राजभर के खिलाफ कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में अब उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध और अवैध कब्जे के खिलाफ शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

