बदलापुर की सियासत में नई हलचल! कांग्रेस प्रभारी के कार्यक्रम में पूर्व सांसद के पौत्र की दमदार मौजूदगी, बढ़ीं राजनीतिक अटकलें

 

जौनपुर। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का जौनपुर दौरा केवल संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बदलापुर की राजनीति में नई चर्चाओं को भी जन्म दे गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व सांसद स्वर्गीय कमला प्रसाद सिंह के पौत्र एवं युवा कांग्रेस नेता अभिनव सिंह 'साहिल' की प्रभावशाली मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बड़ी संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ उनकी सक्रिय भागीदारी ने बदलापुर विधानसभा की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है।

प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के स्वागत के लिए जिले में कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, लेकिन जिस तरह अभिनव सिंह साहिल अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे, उसने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच अलग ही संदेश दिया। उन्होंने प्रदेश प्रभारी का गर्मजोशी से स्वागत किया और संगठन के प्रति अपनी सक्रियता का परिचय दिया।

अभिनव सिंह साहिल ने कहा कि उनका राजनीतिक सफर किसी पद से नहीं, बल्कि एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि मेरे बाबा पूर्व सांसद स्व. कमला प्रसाद सिंह के होने के बावजूद उन्होंने संगठन में जमीनी स्तर पर काम करते हुए राजनीति की बारीकियां सीखीं। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए कांग्रेस के छात्र संगठन ने भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में उनके नेतृत्व और रणनीति के तहत सहयोगी रामपाल सिंह ने तिलकधारी महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। रामपाल सिंह ने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर महाविद्यालय के इतिहास में सबसे बड़ी जीत हासिल की थी। इस जीत ने युवा नेतृत्व के रूप में साहिल की पहचान को भी मजबूती दी।

छात्र राजनीति के बाद अभिनव सिंह साहिल ने कांग्रेस संगठन में जिला महासचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने संगठन के बैनर तले कई जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का संचालन किया। कोविड-19 महामारी के दौरान लॉकडाउन में बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों तक राशन और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाकर सामाजिक सरोकार का भी परिचय दिया।

प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम में साहिल के साथ पहुंचे समर्थकों की बड़ी संख्या ने राजनीतिक पर्यवेक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बदलापुर में नए चेहरे पर दांव लगा सकती है। ऐसे में अभिनव सिंह साहिल की सक्रियता और बढ़ती राजनीतिक मौजूदगी को उनकी संभावित दावेदारी के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।


हालांकि, विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर कांग्रेस की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम में साहिल की प्रभावशाली उपस्थिति ने इतना जरूर स्पष्ट कर दिया है कि बदलापुर की राजनीति में उनकी भूमिका अब पहले से कहीं अधिक चर्चा का विषय बन चुकी है।

Related

JAUNPUR 6612253525679137522

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item