प्रिया सरोज की एक तस्वीर से गरमाई जौनपुर की सियासत!

सौम्या बिंद को मंच पर मिली खास तवज्जो, सदर-बदलापुर-शाहगंज में तेज हुईं राजनीतिक चर्चाएं

जौनपुर। मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज की एक फेसबुक पोस्ट ने जौनपुर की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। पूर्व सांसद एवं वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। खासकर सदर, बदलापुर और शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में इस तस्वीर को लेकर तरह-तरह के राजनीतिक कयास लगाए जाने लगे हैं।

दरअसल, केराकत विधानसभा क्षेत्र में पूर्व सांसद स्वर्गीय फूलन देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में सांसद प्रिया सरोज सहित समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीरांगना फूलन देवी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय की लड़ाई तथा शोषित, वंचित और गरीबों के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद किया।

लेकिन कार्यक्रम की सबसे अधिक चर्चा जिस वजह से हुई, वह थीं दुल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आई उनकी बहन सौम्या बिंद। उन्हें इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सांसद प्रिया सरोज ने सौम्या बिंद को अपने साथ मंच पर विशेष स्थान दिया। दोनों ने साथ बैठकर बातचीत की और बाद में साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं।

इसके बाद सांसद प्रिया सरोज ने इन्हीं तस्वीरों को अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर साझा कर दिया। तस्वीरें वायरल होते ही जौनपुर की राजनीतिक फिजा बदल गई। समाजवादी पार्टी के भीतर और बाहर यह चर्चा तेज हो गई कि आखिर इस राजनीतिक संदेश के पीछे क्या रणनीति है।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सौम्या बिंद का संबंध सदर विधानसभा क्षेत्र से है, जबकि शाहगंज उससे सटा हुआ क्षेत्र है और बदलापुर में भी बिंद समाज का अच्छा-खासा प्रभाव माना जाता है। ऐसे में सांसद प्रिया सरोज द्वारा सार्वजनिक मंच से सौम्या बिंद को दी गई अहमियत को कई लोग आने वाले विधानसभा चुनावों की संभावित राजनीतिक रणनीति के तौर पर देख रहे हैं।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों ने इतना जरूर साबित कर दिया है कि एक मंच और एक तस्वीर ने जौनपुर की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब यह केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तस्वीर नहीं, बल्कि राजनीतिक संकेतों के रूप में भी देखी जा रही है।

फिलहाल, तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हुई हैं और आने वाले दिनों में इन चर्चाओं का राजनीतिक असर किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।


Related

JAUNPUR 6197134008546381069

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item