'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को मिली रफ्तार, शिक्षकों को वितरित किए गए पौधे
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने के केंद्र नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के भी प्रमुख माध्यम हैं। यदि प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यालय में पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को सफल बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालयों में लगाए जाने वाले पौधे बच्चों के मन में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करेंगे।
कार्यक्रम में बताया गया कि मड़ियाहूं क्षेत्र के शिक्षक पिछले कई वर्षों से विशाल हृदय अभियान के माध्यम से विद्यालय परिसरों को हरित एवं आकर्षक बनाने के लिए लगातार पौधारोपण कर रहे हैं। अब इस पहल को प्रदेश सरकार के अभियान का भी सहयोग मिलने से यह प्रयास और अधिक व्यापक एवं प्रभावी हो गया है।
इस अवसर पर शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों में अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने का संकल्प लिया। साथ ही अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर विद्यालयों को स्वच्छ, हरित और प्रेरणादायी शिक्षण परिसर बनाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

