ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा चतुर्थ वनवासी मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा सम्पन्न
गौराबादशाहपुर(जौनपुर) जनपद की सामाजिक एवं रचनात्मक संस्था ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद सिंह के मार्गदर्शन में वनवासी (मुसहर) समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति प्रदान करने के उद्देश्य से चतुर्थ वनवासी मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन स्थानीय सी.एम.एम. इंग्लिश स्कूल, रशीदाबाद (जौनपुर) में किया गया।
परीक्षा में जौनपुर, वाराणसी एवं आज़मगढ़ जनपदों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर के कुल 166 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 119 विद्यार्थियों (63 छात्र एवं 56 छात्राएँ) ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य को निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में मिशन बिरसा मुंडा सेवा समिति, आज़मगढ़ के कमलेश वनवासी, मुसाफिर वनवासी, नन्द कुमार वनवासी, जितेंद्र वनवासी, विजय प्रताप, दूधनाथ, सुशील, चन्दन कुमार, मीना वनवासी तथा मनीषा वनवासी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय कुमार सेठ ने बताया कि जौनपुर, वाराणसी एवं आज़मगढ़ जनपदों से चयनित 10-10 मेधावी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले आदिवासी वीर नायकों के नाम पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य वनवासी समाज के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना है।
कार्यक्रम में संजय कुमार सेठ, मो. तौफीक, नीरज शाह, अमरनाथ सेठ, रवि विश्वकर्मा, तथागत सेठ एवं उत्कर्ष शाह सहित अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति एवं सराहनीय सहयोग रहा।

