जौनपुर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत लगा पौधों का महाकुंभ, 60.73 लाख पौधरोपण का लक्ष्य

 

जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' के अंतर्गत रविवार को जनपद जौनपुर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। मुख्य कार्यक्रम करंजाकला विकासखंड के ग्राम काफरपुर में आयोजित किया गया, जबकि जिले की सभी तहसीलों और विकास खंडों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) , एमएलसी , जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले अतिथियों ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत विधिवत पूजन-अर्चन के बाद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके बाद अतिथियों ने कृषि, उद्यान, वन विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में एनसीसी स्वयंसेवकों सहित आमजन को पौधों का वितरण भी किया गया।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि इस वर्ष जौनपुर में 60 लाख 73 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 1001 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित हो। इसके लिए नियमित सिंचाई, फेंसिंग, सुरक्षा और जियो-टैगिंग पर विशेष जोर दिया गया है।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है और इसे जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। जिस तरह मां का रिश्ता अटूट होता है, उसी तरह मां के नाम पर लगाए गए पौधे की भी पूरे मन से देखभाल की जानी चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक पीपल, बरगद और फलदार वृक्ष लगाने का आह्वान किया।

एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंशु' ने कहा कि मां के नाम पर पौधा लगाने से उसके प्रति अपनत्व और संरक्षण की भावना स्वतः विकसित होती है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।

अंत में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) श्रीमती दिव्या ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा, जियो-टैगिंग और देखभाल सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव 'मम्मन', क्षेत्राधिकारी नगर, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related

JAUNPUR 8094868288938114739

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item