शाहगंज नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सभासदों ने उठाए सवाल, एडीएम से की कार्रवाई की मांग
शाहगंज, जौनपुर। नगर पालिका परिषद शाहगंज के कई सभासदों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) शाहगंज को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र सौंपकर अधिशासी अधिकारी एवं सफाई प्रभारी पर घोर लापरवाही, जनहित के कार्यों में देरी तथा अनदेखी करने का आरोप लगाया है। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, रजमानकी मंदिर स्थित बुढ़वा बाबा पोखरे में 24 जुलाई को बड़ी संख्या में मछलियों के मरने की सूचना मंदिर के पुजारी एवं स्थानीय लोगों द्वारा नगर पालिका को दी गई थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद अधिशासी अधिकारी और सफाई प्रभारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में पोखरे से दुर्गंध फैलने और महामारी की आशंका बढ़ने पर स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद 27 जुलाई को मृत मछलियों को पोखरे से हटाया गया।
सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका क्षेत्र में आवारा एवं छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बनी हुई है। पशु पकड़ने वाली गाड़ी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे आए दिन लोग घायल हो रहे हैं।
शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि नामांतरण संबंधी कार्यों में भी अनदेखी की जा रही है। नियमों का हवाला देकर आम लोगों के कार्य रोके जा रहे हैं, जबकि कथित रूप से मिलीभगत कर कुछ लोगों के काम प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।
इसके अलावा जेसीज चौराहे से आजमगढ़ रोड के बीच सड़क पर कई दिनों से मलबा पड़ा होने का आरोप लगाया गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
सभासदों ने उप जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक एवं कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
धरने में प्रमुख रूप से वरिष्ठ सभासद राम प्रसाद मोदनवाल परवेज अहमद, छेदीलाल वर्मा, श्याम जी गुप्ता, रूपेश जायसवाल,गणेश चौहान, मनीष जायसवाल ,अर्पित जायसवाल,श्रेयांश मोदनवाल,किरण सोनी, संगीता यादव ,संगीता जायसवाल, सुशीला देवी,मोहसिना,फैजान अहमद,अब्दुल्ला राईन, सिकंदर साहू, प्रेमचंद, शिवप्रसाद, सभासद प्रतिनिधि आशुतोष अग्रहरि डंपी, अखिलेश यादव, अमन सोनी, आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे

