पत्नी की विदाई न होने पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, तीन घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
जौनपुर। पत्नी की विदाई न होने से आहत एक युवक शुक्रवार रात जफराबाद थाना क्षेत्र के नेवादा गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, प्रशासन और परिजनों के प्रयास से युवक सुरक्षित नीचे उतरा। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के चाचकपुर फुलमंडी निवासी गुलशन मौर्य, पुत्र स्वर्गीय शिवकुमार मौर्य, का कुछ दिन पहले अपनी पत्नी साधना मौर्य से विवाद हो गया था। विवाद के बाद साधना अपने मायके लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव चली गई थी।
शुक्रवार को गुलशन पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा, लेकिन ससुराल पक्ष ने विदाई करने से इनकार कर दिया। इससे आहत होकर वह सीधे नेवादा गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और पत्नी की विदाई होने तक नीचे न उतरने की जिद पर अड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही जफराबाद थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, शहर कोतवाल अनिता सिंह, लाइनबाजार थाना प्रभारी के.के. सिंह, जलालपुर थानाध्यक्ष सतेंद्र विक्रम सिंह सहित कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी बुला ली गई।
करीब तीन घंटे तक पुलिस अधिकारी युवक को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह पत्नी की विदाई की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों को मौके पर बुलाया। पत्नी से बातचीत और ससुराल पक्ष द्वारा विदाई कराने का आश्वासन मिलने पर युवक शांत हुआ और सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया।
पुलिस युवक को थाने ले गई, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद उसे उसकी मां और भाई के सुपुर्द कर दिया गया।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि घटना में टावर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आई है। इस मामले में टावर संचालक के खिलाफ सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर कार्रवाई की जाएगी।

