बोलेरो ने साइकिल सवार वृद्ध को रौंदा, मकान में घुसी; मौत के बाद हंगामा

 आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण, घंटों बाद पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

जफराबाद/जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर बाजार में सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से साइकिल सवार 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। अनियंत्रित बोलेरो वृद्ध को रौंदते हुए एक मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर जा घुसी। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बोलेरो को मौके से हटाने नहीं दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद कई घंटे बाद वाहन को कब्जे में लिया जा सका।

राजेपुर गांव निवासी हौसिला मिश्र पुत्र स्व. लालता मिश्र सोमवार को रामेश्वरम मंदिर में दर्शन कर साइकिल से घर लौट रहे थे। बाजार स्थित गुलाब मौर्य की दुकान के सामने पहुंचे ही थे कि बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाजार में स्थित देशी शराब की दुकान का सेल्समैन वीरेंद्र कुमार पुत्र रामजीत निवासी भगरी अपने मित्र मनोज पुत्र लालबहादुर की बोलेरो चला रहा था, जबकि मनोज उसके बगल में बैठा था।

टक्कर के बाद बोलेरो हौसिला मिश्र को रौंदते हुए विद्या सिंह उर्फ मलकिन के मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गई। संयोगवश उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी व मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए बोलेरो को मौके से हटाने से रोक दिया।

सूचना पर थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में सीओ केराकत अजय कुमार राय ने भी पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ, जिसके बाद पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

Related

JAUNPUR 5161199127277100211

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item