शादी समारोह से लापता विवाहिता का कंकालनुमा शव मिलने से सनसनी

 पांच दिन से थी लापता, घर के पास बसवारी में मिला शव; हत्या कर जलाने की आशंका

जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के सोगर गांव में शादी समारोह से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 24 वर्षीय विवाहिता का कंकालनुमा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव घर के पास स्थित एक बसवारी में मिला। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और उसकी पहचान चप्पल व कपड़ों के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ जिले के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार सोगर गांव निवासी मतुरुल्लाह की पुत्री राशिदा (24) की शादी दो वर्ष पूर्व गांव के ही मोहम्मद कलीम से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद कलीम रोजी-रोटी के लिए मुंबई चला गया, जिसके बाद राशिदा अपने मायके में रह रही थी।

परिजनों के मुताबिक, 8 जुलाई को राशिदा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने खेतासराय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सोमवार शाम गांव के पास स्थित बसवारी में उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव कंकाल में तब्दील हो चुका था। परिजनों का आरोप है कि राशिदा की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जलाने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item