अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की खबर से जौनपुर में उबला सियासी पारा, सपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन
विधायक लकी यादव के नेतृत्व में डॉ. भीमराव आंबेडकर तिराहे पर जुटे सैकड़ों सपाई, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
रिपोर्ट- रवि राजन श्रीवास्तव
जौनपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के सामने धरना-प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही जौनपुर में सियासी माहौल गरमा गया। खबर फैलते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और शहर के डॉ. भीमराव आंबेडकर तिराहे पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।सपा विधायक लकी यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया।
सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि विपक्षी नेताओं के साथ दमनात्मक रवैया तत्काल बंद किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर तिराहे पर कुछ समय के लिए राजनीतिक हलचल तेज रही। पुलिस भी स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए रही। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष की आवाज को इसी तरह दबाने का प्रयास जारी रहा तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी।

