कांग्रेस मजबूत होगी तभी रुकेगी भाजपा की बढ़त : राजेंद्र पाल गौतम

 जौनपुर में बोले यूपी कांग्रेस प्रभारी, क्षेत्रीय दल अकेले नहीं कर सकते भाजपा का मुकाबला; 2027 में बदलाव का दावा 

 जौनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय जौनपुर दौरे के दौरान भाजपा और केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति सहयोगी दलों को कमजोर कर उन्हें समाप्त करने की रही है। बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल तक के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा पहले क्षेत्रीय दलों का सहारा लेती है और बाद में उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर कर देती है।

पत्रकारों से बातचीत में गौतम ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से दुखी और परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है और पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का बुलडोजर गरीबों, दलितों और पिछड़ों के घरों तक ही सीमित रहता है।

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर इस प्रकरण में आरोप लगे हैं, उनके विरुद्ध भी समान कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो इसके तार बड़े स्तर तक जुड़ सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ धर्म और भगवान श्रीराम के नाम का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रहे हैं।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा का संविधान, न्यायपालिका और स्वतंत्र संस्थाओं पर विश्वास नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है और उस पर सरकार का दबाव दिखाई देता है। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायपालिका और नौकरशाही पर भी दबाव का माहौल महसूस किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि केवल क्षेत्रीय दल भारतीय जनता पार्टी का प्रभावी मुकाबला नहीं कर सकते। भाजपा को चुनौती देने के लिए कांग्रेस का मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान चलाया जाएगा और कार्यकर्ताओं के बल पर कांग्रेस को प्रदेश में नई ताकत दी जाएगी।

समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि गठबंधन होता है तो वह सम्मानजनक और बराबरी के आधार पर होना चाहिए। सीटों का बंटवारा भी समानता और आपसी सम्मान के सिद्धांत पर होना चाहिए। उन्होंने इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र श्रीराम मंदिर से जुड़े ऐसे आरोप बेहद गंभीर हैं। सरकार को पूरे मामले की पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और आस्था की राजनीति तो करती है, लेकिन धार्मिक संस्थानों में अनियमितताओं के आरोप लगने पर जवाब देने से बचती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी दिनों में सामाजिक न्याय, दलितों, पिछड़ों, वंचितों और संविधान की रक्षा के मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी गांव-गांव पहुंचकर जनता को अपनी नीतियों से जोड़ेगी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतने और बदलाव लाने का चुनाव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

इससे पूर्व नगर सीमा स्थित कुल्हनामऊ तिराहे पर पूर्व विधायक नदीम जावेद, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह 'डब्बू', सत्यवीर सिंह, पंकज सोनकर, नगर अध्यक्ष आरिफ खान, पूर्व अध्यक्ष फैसल हसन तबरेज, पूर्व नगर अध्यक्ष विशाल सिंह 'हुकुम' सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related

JAUNPUR 1923561065839319817

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item