जौनपुर के पूर्व छात्र नेता प्रो. गुरु प्रसाद सिंह का राष्ट्रीय फलक पर जलवा, NDDB बोर्ड में बने विशेष निदेशक
टीडी कॉलेज की छात्र राजनीति से निकले ओजस्वी वक्ता ने हासिल की नई ऊंचाई, जौनपुर में खुशी की लहर
जौनपुर। कभी टीडी इंटर कॉलेज और टीडी पीजी कॉलेज के छात्र संघ चुनावों की फिजा अपने ओजस्वी भाषणों से बदल देने वाले छात्र नेता प्रो. गुरु प्रसाद सिंह ने अब राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के बोर्ड में विशेष निदेशक नियुक्त किया है। जैसे ही भारत सरकार की ओर से राजपत्र (गजट) में अधिसूचना प्रकाशित होने की जानकारी मिली, जौनपुर के शिक्षाविदों, पूर्व छात्र नेताओं और उनके शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।मूल रूप से मऊ जनपद के निवासी प्रो. गुरु प्रसाद सिंह का जौनपुर से गहरा नाता रहा है। उन्होंने अपनी कक्षा छह से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा टीडी इंटर कॉलेज, जौनपुर से प्राप्त की। इसके बाद 1985 में टीडी पीजी कॉलेज, जौनपुर से बीएससी (एग्रीकल्चर) की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा के लिए वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी चले गए, जहां उन्होंने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया और आज प्रोफेसर के पद तक पहुंचे।
शिक्षा के साथ-साथ प्रो. गुरु प्रसाद सिंह छात्र राजनीति में भी बेहद सक्रिय और प्रभावशाली रहे। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े रहे और अपनी प्रभावशाली वाक्पटुता के लिए पूरे परिसर में प्रसिद्ध थे। छात्र संघ चुनावों के दौरान उनके भाषण सुनने के लिए बड़ी संख्या में छात्र जुटते थे। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि जिस प्रत्याशी के पक्ष में गुरु प्रसाद सिंह मंच से बोल देते थे, उसकी जीत लगभग तय मानी जाती थी।
बीएचयू में प्रवेश लेने के बाद भी उनका जौनपुर से जुड़ाव कम नहीं हुआ। छात्र संघ चुनाव के दौरान वे विशेष रूप से जौनपुर आकर अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करते थे। उनके भाषण चुनावी माहौल को नई दिशा देने का काम करते थे और छात्र राजनीति में उनकी अलग पहचान बनी रही।
अब भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा उन्हें राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के बोर्ड में विशेष निदेशक बनाए जाने से जौनपुर के लोगों को अपने पुराने छात्र नेता की उपलब्धि पर गर्व है। शहर के शिक्षाविदों, पूर्व छात्र नेताओं और सामाजिक संगठनों ने इसे जौनपुर के लिए सम्मान का विषय बताते हुए प्रो. गुरु प्रसाद सिंह को शुभकामनाएं दी हैं।
प्रो. गुरु प्रसाद सिंह की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जौनपुर की धरती से निकली प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाकर जिले का नाम रोशन कर रही हैं।

