UPTET-2026: जिलाधिकारी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा कराने के दिए निर्देश

 


जौनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को टी.डी. लॉ कॉलेज एवं टी.डी. कॉलेज परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें तथा किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि UPTET-2026 का आयोजन 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में कराया जाएगा। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की प्रभावी निगरानी हेतु 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 8 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आयोग एवं शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं शुचिता हर हाल में बनाए रखी जाए। यदि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, अव्यवस्था या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related

डाक्टर 4482226190118585359

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item