UPTET के आखिरी दिन छलका शिक्षकों का दर्द, बोले— "पहले बच्चे हमसे डरते थे, अब कहते हैं पहले आप परीक्षा पास करो"
जौनपुर । जिले में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) शनिवार को जिले में शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हो गई। अंतिम दिन प्रथम पाली में परीक्षा आयोजित हुई।
गोरखपुर जिले के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र टीडी कॉलेज बनाया गया था। इस बार परीक्षा में बड़ी संख्या में ऐसे कार्यरत प्राथमिक शिक्षक भी शामिल हुए, जिन्हें नई व्यवस्था के तहत अपनी पात्रता बनाए रखने के लिए परीक्षा देनी पड़ी। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते ही कई शिक्षकों का दर्द भी सामने आया।
एक शिक्षक ने भावुक होकर कहा, "सबसे बड़ी विडंबना यह है कि पहले बच्चे पढ़ाई-लिखाई को लेकर हमसे डरते थे, लेकिन अब वही बच्चे घर पर कहते हैं— मम्मी-पापा, पहले आप परीक्षा पास कर लीजिए, फिर हमें डांटना।" शिक्षकों का कहना था कि वर्षों तक बच्चों को पढ़ाने के बाद स्वयं परीक्षा की कसौटी पर खड़ा होना मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण है।
जिले में UPTET-2026 का आयोजन 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में कराया गया। परीक्षा के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा को निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की थी। परीक्षा की निगरानी के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 8 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

