चार वर्षीय बच्ची के परिजनों से मिले कांग्रेस नेता विकेश, दी आर्थिक मदद,प्रदेश अध्यक्ष ने फोन पर की परिजनों से बातचीत
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या की घटना के बाद कांग्रेस नेता विकेश उपाध्याय शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और बच्ची के पिता सत्तन निषाद को 11 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि 28 जून को गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान द्वारपूजा कार्यक्रम से चार वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। आरोप है कि साहबलाल नामक व्यक्ति उसे झाड़ियों की ओर ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी फोन पर परिजनों से बातचीत कर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने जल्द ही स्वयं परिवार से मिलने का भी आश्वासन दिया।
विकेश उपाध्याय ने घटना को मानवता को झकझोर देने वाली बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को किसी भी हाल में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि परिवार के किसी सदस्य को रोजगार की आवश्यकता होगी तो कांग्रेसजन उसकी व्यवस्था कराने में पूरा सहयोग करेंगे।
उन्होंने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को कानून के अनुसार सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान दिनेश चौहान, पवन सिंह डम्पी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषी को शीघ्र एवं कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

