सद्भावना क्लब ने 165 मेधावियों को किया सम्मानित, प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला
जौनपुर। प्रतिभा को प्रोत्साहन देने से विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ता है। इसी उद्देश्य के तहत सद्भावना क्लब, जौनपुर की ओर से रविवार को रज़ा डी.एम. (शिया) इंटर कॉलेज, मंडी नसीब खां में 31वां मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्या की अध्यक्षता में हुए समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 165 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद रिया एवं सुप्रिया ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्या एवं क्लब के सदस्यों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का बुके भेंट कर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।
डॉ. अलमदार नजर ने सद्भावना क्लब की स्थापना, उद्देश्यों एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि ए.ए. जाफरी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज जौनपुर तथा सैयद नजमुल हसन ‘नजमी’ ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अतिथियों ने कहा कि सम्मान विद्यार्थियों की मेहनत को पहचान देने के साथ ही उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
समारोह में पूर्व अध्यक्ष लालजी यादव, श्रावण साहू, नरसिंह अवतार जायसवाल, मधुसूदन बैंकर, आशीष साहू, निवर्तमान अध्यक्ष मो. रज़ा खान, कोषाध्यक्ष विनीत गुप्ता, संतोष अग्रहरि, विकास अग्रहरि, एडवोकेट रविकांत जायसवाल, अखिलेश अग्रहरि, संतोष अग्रहरि फार्मेसी, धीराज गुप्ता, सैयद फरोग अहमद, शाहबाज खान, चंद्रेश मौर्या, दिनेश कुमार यादव, अभिनंदन त्रिपाठी, सूरज मौर्या, लोकेश जावा, प्रीतेश गुप्ता, आदर्श वर्मा, अंजली बाला, प्रतिमा यादव, गुंजा त्रिपाठी, नागेंद्र यादव (राज कॉलेज), रेनू बैंकर सहित क्लब के संयोजक ताहिर कादरी सोनू, सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष हफीज शाह ने किया। अंत में सचिव हर्ष माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।

