आशुतोष हत्याकांड में अब प्रेस काउंसिल की सीधी पड़ताल, 19 को जौनपुर पहुंचेंगे अरुण त्रिपाठी
जांच के दौरान अरुण कुमार त्रिपाठी मृत पत्रकार के परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनेंगे। इसके अलावा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से हत्याकांड की विवेचना, अब तक हुई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे। स्थानीय पत्रकारों से भी बातचीत कर मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान सामने आने वाले तथ्यों को वह भारतीय प्रेस परिषद के समक्ष अपनी विस्तृत रिपोर्ट में प्रस्तुत करेंगे।
दिनदहाड़े गोली मारकर की गई थी हत्या
गौरतलब है कि पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की 13 मई 2024 को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पत्रकार संगठनों और परिजनों की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग लगातार उठती रही है।
मामले को भारतीय प्रेस परिषद ने स्वतः संज्ञान में लेते हुए मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों के साथ ही सूचना विभाग के अधिकारियों को नोटिस जारी कर रिपोर्ट तलब की थी। परिषद ने 5 अगस्त 2026 तक मामले की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा था।
स्थानीय रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हुआ परिषद
बताया जा रहा है कि स्थानीय प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट से भारतीय प्रेस परिषद पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुई। इसके बाद परिषद ने मामले की नवीनतम स्थिति और जांच की वास्तविक प्रगति का स्वयं आकलन कराने का निर्णय लिया। इसी क्रम में परिषद की जांच समिति ने अपने सदस्य एवं संपादक अरुण कुमार त्रिपाठी को जौनपुर पहुंचकर प्रकरण की व्यक्तिगत पड़ताल करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
अरुण कुमार त्रिपाठी के जौनपुर दौरे को आशुतोष श्रीवास्तव हत्याकांड की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पीड़ित परिवार, पुलिस-प्रशासन और स्थानीय पत्रकारों से बातचीत के बाद परिषद की जांच में कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं और उसकी रिपोर्ट में क्या निष्कर्ष निकलते हैं।

