सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के संकल्प के साथ लायंस क्लब गोमती का 37वां अधिष्ठापन समारोह सम्पन्न
सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने संभाली अध्यक्ष की कमान, नवीन मिश्रा बने सचिव; नेपाल आपदा में तत्काल मदद भेजने को बताया मानवता की मिसाल
जौनपुर। सेवा को संकल्प, समर्पण को संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपना धर्म मानकर कार्य करने वाले लायंस क्लब जौनपुर गोमती का 37वां अधिष्ठापन समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं नए सदस्यों ने क्लब की गौरवशाली सेवा परम्पराओं को आगे बढ़ाने, जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प लिया।
समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं विष्णुप्रिया द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद ध्वज वंदना और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया। समारोह में क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारियों, लायन सदस्यों, गणमान्य नागरिकों एवं उनके परिजनों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
सेवा के माध्यम से बदलाव लाना ही क्लब का उद्देश्य : उदय चन्दानी
समारोह के मुख्य अतिथि मण्डलाध्यक्ष उदय चन्दानी ने कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य महज कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं है, बल्कि सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाना है। जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में काम करना तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर निरंतर सक्रिय रहना ही संस्था की वास्तविक पहचान है।
उद्घाटनकर्ता GAT एरिया लीडर डॉ. क्षितिज शर्मा ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि आपदा की भयावहता ने पूरे समाज को झकझोर दिया। सैकड़ों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए। ऐसे कठिन समय में लायंस क्लब इंटरनेशनल की ओर से महज 24 घंटे के भीतर दो लाख डॉलर की सहायता भेजना यह साबित करता है कि लायंस परिवार की प्राथमिकता मानवता की सेवा है।
नए पदाधिकारियों ने ली सेवा और अनुशासन की शपथ
अधिष्ठापन अधिकारी एवं उपमण्डलाध्यक्ष प्रथम उमेश चन्द्र कक्कड़ तथा दीक्षा अधिकारी एवं उपमण्डलाध्यक्ष द्वितीय श्याम बाबू वर्मा सहित मण्डल के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और नवीन सदस्यों को क्लब की सेवा भावना, निष्ठा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के अनुरूप शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष डा. राजेश मौर्या ने सत्र 2025-26 का अध्यक्षीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए क्लब की उपलब्धियों और सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं सचिवीय प्रतिवेदन के माध्यम से वर्षभर की गतिविधियों का विवरण रखा गया।
‘समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी सेवा’ : सैय्यद हसनैन कमर
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि आगामी कार्यकाल में लायंस क्लब जौनपुर गोमती की सेवा गतिविधियों को और व्यापक एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्लब की शक्ति उसकी एकता, अनुशासन और सदस्यों की सेवा भावना है।
उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना क्लब का प्रमुख लक्ष्य होगा। जरूरतमंदों की सहायता से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण पर रहेगा जोर : सचिव
सचिव नवीन मिश्रा ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग और सहभागिता से आगामी कार्यकाल में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सेवा कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्लब की कोशिश होगी कि सेवा गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
चार नए सदस्यों का हुआ स्वागत
समारोह के दौरान नगर निवासी आजम जैदी, आरिफ अनस, डॉ. सबाह एवं डॉ. एमएम खान ने लायंस क्लब गोमती की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें क्लब की पिन प्रदान की गई।
वरिष्ठ पदाधिकारियों और गणमान्यजनों की रही मौजूदगी
समारोह में डि. डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतिमा गुप्ता, कैबिनेट कोषाध्यक्ष सतीश टण्डन, कैबिनेट पीआरओ ब्रजेन्द्र बाजपेयी, रीजन चेयरपर्सन मनीष अग्रहरि, जोन चेयरपर्सन संजीव साहू सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ लायन सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा पूर्व चेयरमैन दिनेश टण्डन, वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सिंह, सोमेश्वर केसरवानी, मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डा. एए जाफरी, डा. मेहर अब्बास, अबूजर, ब्रह्मेश शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस फैसल हसन तबरेज, भाजपा नेता शम्सी आजाद, उद्घोषक सलमान शेख सहित तमाम गणमान्य लोगों ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
क्लब की प्रथम महिला डा. तसनीम फात्मा, नवचयनित कोषाध्यक्ष ऋषिदेव सहित पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी, क्लब सदस्य और उनके परिजन भी समारोह में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नवीन मिश्रा ने किया। अंत में मनीष गुप्ता, संयोजक गौरव श्रीवास्तव एवं शिव कुमार साहू ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब अपनी सेवा यात्रा को नई ऊर्जा, नई दिशा और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाता रहेगा।
समारोह का संदेश स्पष्ट रहा—पद बदल सकते हैं, नेतृत्व बदल सकता है, लेकिन सेवा का संकल्प और मानवता के प्रति समर्पण ही लायंस क्लब गोमती की असली पहचान है।

