स्कूली वाहनों की मनमानी पर अब सख्ती, 68 बसों की फिटनेस फेल; डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

 

जौनपुर। बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक हुई, जिसमें स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों की स्थिति की समीक्षा की गई। स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर दर्ज विवरण की समीक्षा में जिले के 68 स्कूली वाहनों की फिटनेस फेल पाई गई। डीएम ने ऐसे वाहनों की फिटनेस तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए और लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। जिन विद्यालयों के वाहनों के परमिट, फिटनेस अथवा अन्य जरूरी दस्तावेज दुरुस्त नहीं हैं, वहां नोटिस चस्पा कराया जाए। इसके बावजूद यदि वाहनों के प्रपत्र सही नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

हर चालक का चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी

डीएम ने सभी विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य कराने के निर्देश दिए। इसके लिए थानावार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही विद्यालयों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हर समय क्रियाशील रखने और बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया।

स्कूल बसों में ये इंतजाम अनिवार्य

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी स्कूली वाहन निर्धारित गति सीमा के भीतर ही संचालित हों। वाहन चलाते समय चालक मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। स्कूल बस का रंग निर्धारित मानकों के अनुसार पीला हो तथा उसके आगे और पीछे ‘विद्यालय बस’ और विद्यालय का नाम स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए।

प्रत्येक स्कूली बस में स्पीड लिमिट डिवाइस, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहना चाहिए। विद्यालय स्तर पर विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक कर उसकी कार्यवृत्ति पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश भी दिए गए।

विद्यालय स्तर पर भी होगी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

डीएम ने विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को विद्यालय स्तर पर विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करने, वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन व स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा इसकी प्रगति रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक अथवा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने साफ किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। स्कूल वाहन बच्चों को सुरक्षित घर से विद्यालय और विद्यालय से घर पहुंचाने की जिम्मेदारी का अहम हिस्सा हैं, इसलिए सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, एआरटीओ प्रवर्तन सत्येन्द्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. समीर, यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अशोक कुमार यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका धर्मराज राम, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय समेत समिति के सदस्य तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR 7775532341424536329

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item