दूधिया समाज ने दिखाया सेवा और संस्कृति का संगम, विराट बिरहा मुकाबले में ज्योति यादव ने मारी बाजी
जौनपुर। नगर के जहांगीराबाद स्थित न्यू दूध मंडी परिसर में दुग्ध समाज सेवा समिति जौनपुर की ओर से सम्मान समारोह एवं विराट बिरहा मुकाबले का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जहां दुग्ध समाज के सामाजिक योगदान को याद करते हुए प्रमुख लोगों को सम्मानित किया गया, वहीं देर रात तक चले रोमांचक बिरहा मुकाबले ने श्रोताओं को बांधे रखा। प्रतापगढ़ की ज्योति यादव और चंदौली के दर्शन गांधी के बीच हुए जोरदार मुकाबले में ज्योति यादव को विजेता घोषित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य ने भगवान श्रीकृष्ण एवं स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद दुग्ध समाज सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वी.एस. उपाध्याय ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में जब लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से निकलने में डर रहे थे, उस समय भी दूधिया समाज के लोगों ने लोगों के घर-घर तक दूध पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाई। विपरीत परिस्थितियों में समाज की सेवा करने वाला यह योगदान सराहनीय और बधाई के योग्य है।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे शिक्षक श्रीनाथ यादव ने कहा कि दुग्ध समाज सेवा समिति हमेशा समाज में अपनी अग्रणी भूमिका निभाती रही है। वहीं विशिष्ट अतिथि आर्थो सर्जन डॉ. एम.पी. यादव एवं समाजसेवी राजदेव यादव ने कहा कि दुग्ध समाज सेवा समिति ने संघर्ष और प्रयासों के दम पर दूध मंडी की स्थापना कराई, जो पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।
समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव द्वारा मांगों से संबंधित पत्रक सौंपे जाने पर अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य ने कहा कि पूर्व में भी दूध मंडी में विकास कार्य कराए गए हैं। भविष्य में भी जो आवश्यकताएं सामने आएंगी, उन्हें पूरा करने के लिए नगर पालिका परिषद पूरी तरह तत्पर रहेगी। इस आश्वासन का उपस्थित दूधिया समाज के लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए लगातार चक्रमण कर रही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह, चौकी प्रभारी सरायपोख्ता राहुल रंजन सिंह समेत पुलिसकर्मियों का समिति की ओर से स्वागत किया गया।
इसी क्रम में शिक्षक अनिल यादव, संतोष त्रिपाठी, अरशद कुरैशी, संजय जड़वानी, नवीन सिंह बासगोती, सुरेंद्र जायसवाल, राजकुमार यादव, गगन सिंह, शैलेन्द्र विक्रम सिंह एडवोकेट, नेपाली यादव, मनोज यादव समेत अन्य लोगों को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के बाद शुरू हुआ विराट बिरहा मुकाबला देर रात तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रतापगढ़ की ज्योति यादव और चंदौली के दर्शन गांधी ने अपनी गायकी और प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि श्रोता पूरी रात कार्यक्रम स्थल पर जमे रहे। दोनों कलाकारों के बीच सवाल-जवाब और गीतों के मुकाबले ने माहौल को रोमांच से भर दिया। अंत में उपस्थित लोगों ने ज्योति यादव को विजेता घोषित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पलकधारी यादव, अमृतलाल यादव, ललित यादव, दीनानाथ पाल, नरेंद्र कुमार यादव एडवोकेट, महेश चंद्र यादव, पप्पू यादव कनकपुर, मोतीलाल, राम शिरोमणि यादव, महेंद्र कुमार यादव भुअर, सभाजीत यादव, लालमन बिंद, शेखर निषाद, राजबहादुर यादव, जंगबहादुर यादव, रामअवध यादव केराकत, जयप्रकाश बग्गड़, सुरेंद्र यादव समेत समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया।
आगंतुकों का स्वागत समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन महासचिव संजीव यादव एडवोकेट ने किया।

