दो बाइकों की आमने—सामने हुई भिड़न्त में युवक की गयी जान
https://www.shirazehind.com/2026/08/blog-post_09.html
दूसरा बाइक सवार गम्भीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बरौत माइनर पुल के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को राजकीय पुरुष चिकित्सालय भेजा जहां रास्ते में स्थानीय भटौली गांव निवासी लक्ष्मण (35) पुत्र बिरजू ने दम तोड़ दिया। वहीं राजधरपुर गांव निवासी अवनीश यादव पुत्र अजीत की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।बताया गया कि लक्ष्मण बाइक से नहर की पटरी पकड़कर सरायमोहिउद्दीनपुर की ओर जा रहे थे। बरौत माइनर पुल के पास सामने से आ रही अवनीश यादव की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे की जानकारी मिलते ही लक्ष्मण के परिजन मौके पर पहुंच गये। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।पत्नी माधुरी का रो-रोकर बुरा हाल है। दो बेटे प्रांजल (4) व पीयूष (2) के सिर पिता का साया हमेशा के लिये उठ गया।
वहीं मृतक की मां सुदामा भी बेटे की मौत से बेसुध हैं। 3 भाइयों में लक्ष्मण दूसरे नम्बर पर थे। उनके बड़े भाई विनोद और छोटे भाई कृष्ण कुमार हैं। उधर इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर विधिक कार्यवाही करते हुये शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।

