नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव: तन्मय मोहन
मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में आठ प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं ने दिया नशा मुक्ति का संदेश, विजेताओं को मिलेगा राज्य स्तरीय मंच
जौनपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत जौनपुर के तत्वावधान में मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने के लिए आठ प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें लोकगीत, नृत्य, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, भाषण, रील्स, कविता और नारा लेखन प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता/कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने का मंच भी प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहम्मद कादिर खान तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी तन्मय मोहन ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें तो वे विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशा मुक्ति का संकल्प लेते हुए स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।”
मेरा युवा भारत जौनपुर के इस आयोजन में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ उन्हें सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

