सड़क पर धान रोपकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, जर्जर सड़क के विरोध में अनोखा प्रदर्शन
पांच साल पहले बनी सड़क हुई बदहाल, जलभराव से राहगीर रोज हो रहे हादसों का शिकार; कई शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
सुजानगंज, जौनपुर। कुतुबपुर गांव से होकर गुजरने वाली छिमिंयां-हरिपुर संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति से त्रस्त ग्रामीणों का सब्र रविवार को जवाब दे गया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए सड़क पर ही धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण राम बहाल यादव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि शिकायतें सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई हैं।
ग्रामीण डॉ. विजय चौबे और बृजेश विश्वकर्मा ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से आए दिन बाइक और साइकिल सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं। बरसात के मौसम में यह मार्ग तालाब जैसा दिखाई देता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब पांच वर्ष पूर्व जिला पंचायत निधि से इस सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन अब इसकी हालत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन खतरे से खाली नहीं है।
इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य अनीता यादव ने बताया कि सड़क के पुनर्निर्माण के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है।
विरोध प्रदर्शन में हीरा लाल यादव, अवधेश यादव, राजकुमार चौबे, सनी गौड़, जवान यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

