हरिपुर–घुरहूपुर की माटी का लाल बना पूर्वांचल विश्वविद्यालय का कुलपति
प्रो. राकेश कुमार सिंह 25 अगस्त को संभालेंगे कार्यभार, उपलब्धि से हरिपुर-घुरहूपुर से लेकर पूरे जौनपुर में खुशी की लहर
जौनपुर। जिले के जलालपुर क्षेत्र के हरिपुर–घुरहूपुर गांव की माटी ने एक बार फिर जनपद को गौरवान्वित किया है। गांव निवासी स्व. राजकुमार सिंह के पुत्र प्रो. राकेश कुमार सिंह को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रो. राकेश कुमार सिंह 25 अगस्त को कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही हरिपुर–घुरहूपुर, जलालपुर और पूरे जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।टीडी पीजी कॉलेज के शिक्षक डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि प्रो. राकेश कुमार सिंह के पिता स्व. राजकुमार सिंह दिल्ली में नौकरी करते थे। नौकरी के दौरान वह अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली में ही रहते थे। इसी कारण प्रो. राकेश कुमार सिंह की प्रारंभिक शिक्षा और आगे की पढ़ाई दिल्ली के साथ राजस्थान में हुई।
डॉ. जेपी सिंह के मुताबिक, प्रो. राकेश सिंह का शैक्षणिक जीवन दिल्ली और राजस्थान से जुड़ा रहा। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते हुए उन्होंने अकादमिक जगत में अपनी पहचान बनाई और अब वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कुलपति पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचे हैं।
हरिपुर–घुरहूपुर गांव से पारिवारिक जुड़ाव रखने वाले प्रो. राकेश सिंह की कुलपति पद पर नियुक्ति से क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह है। भले ही उनकी पढ़ाई-लिखाई दिल्ली और राजस्थान में हुई, लेकिन उनकी पारिवारिक जड़ें जौनपुर के जलालपुर क्षेत्र के हरिपुर–घुरहूपुर गांव से जुड़ी हैं। यही वजह है कि उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोग अपनी उपलब्धि और गौरव के रूप में देख रहे हैं।
25 अगस्त को कार्यभार ग्रहण करने जा रहे प्रो. राकेश सिंह से अब पूरे जनपद को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।

