तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने ओवरटेक के दौरान मारी साइड, तीन बच्चों को जिला अस्पताल रेफर

 

जाौनपुर । मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की स्कूल वैन सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। वैन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य बच्चों को भी चोटें आईं। तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

 स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस ने स्कूल वैन में साइड मार दी। तेज टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज भेजा गया।

घायलों में आदित्य यादव (11) पुत्र प्रमोद यादव निवासी जखनियां, थाना पवारा, सिद्धार्थ यादव (10) पुत्र राजेश यादव निवासी जखनियां, प्रभाष यादव (12) पुत्र प्रदीप यादव निवासी माडवादोडक, अनिरुद्ध यादव (10) पुत्र अजय यादव निवासी माडवादोडक, आर्यन यादव (10) पुत्र प्रमोद यादव निवासी जखनियां, आकाश तिवारी (10) पुत्र हृदय तिवारी निवासी जखनियां और शिवम तिवारी (8) पुत्र राकेश तिवारी निवासी जखनियां शामिल हैं।

सीएचसी सुजानगंज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का उपचार सीएचसी में किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष निरीक्षक गजानन चौबे, चौकी प्रभारी धनंजय राय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए और अपने-अपने बच्चों का हाल जाना।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। तीन बच्चों की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल लाया गया है,तीनों की हालत ख़तरे से बाहर है।

Related

JAUNPUR 926199786413842981

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item