शाहगंज कोतवाली में किन्नरों का तीन घंटे हंगामा, गुलाबो किन्नर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

अवैध गतिविधियों में पुलिस संरक्षण का आरोप, पथराव में किन्नर घायल होने के बाद भड़का विवाद

शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों किन्नरों ने एक साथी पर कार्रवाई की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किन्नरों ने कोतवाली परिसर में नग्न होकर विरोध जताया, जिससे मुख्य गेट और आसपास की सब्जी मंडी क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पुलिस द्वारा आरोपी गुलाबो किन्नर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद मामला शांत हुआ।

बताया गया कि उसरा भादी गांव निवासी गुलाबो किन्नर पर अन्य किन्नरों ने अवैध गतिविधियों और अपने घर पर देह व्यापार संचालित कराने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर गंभीरता नहीं दिखाई। इससे नाराज किन्नर गुलाबो के घर पहुंच गए, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुलाबो पक्ष की ओर से हुए पथराव में शीला किन्नर घायल हो गई, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना से नाराज किन्नर समाज के लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए और हिरासत में लिए गए गुलाबो किन्नर से मिलने की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने कोतवाली परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद डाली किन्नर की तहरीर पर पुलिस ने गुलाबो किन्नर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

किन्नर समाज की सदस्य बिट्टू किन्नर ने आरोप लगाया कि गुलाबो किन्नर की कथित अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को पहले से थी और उसे पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। उनका आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में पथराव हुआ, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

वहीं, प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि यह किन्नरों का आपसी विवाद है। कुछ लोग पुलिस हिरासत से एक किन्नर को ले जाने का प्रयास कर रहे थे। डाली किन्नर की तहरीर के आधार पर गुलाबो किन्नर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Related

JAUNPUR 8439188440148973229

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item