संजय कुमार मिश्र को मिला राज्य अध्यापक पुरस्कार, जौनपुर में खुशी की लहर

 

जौनपुर। विकास खंड मुंगराबादशाहपुर के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय गरियाँव के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार मिश्र को उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 के लिए चयनित किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। शासन स्तर से जारी सूची में प्रदेश के कुल 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शामिल किया गया है।


गरियाँव गांव निवासी संजय कुमार मिश्र का चयन शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, नवाचार, विद्यालय के विकास तथा छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण को देखते हुए किया गया है। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए उनका नाम इससे पूर्व भी जनपद स्तर से दो बार भेजा जा चुका था। इस बार जौनपुर जनपद से तीन शिक्षकों के नाम प्रदेश स्तर पर भेजे गए थे, जिनमें संजय कुमार मिश्र के नाम पर अंतिम मुहर लगी।


संजय कुमार मिश्र का शैक्षिक एवं शिक्षकीय सफर भी उल्लेखनीय रहा है। विशिष्ट बीटीसी-2004 में चयनित होने के बाद जनवरी 2006 में उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बुढंसापुर में सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्त होकर शिक्षण कार्य शुरू किया। वर्ष 2008 में उनका स्थानांतरण प्राथमिक विद्यालय अहमदपुर हुआ। वर्ष 2015 में पदोन्नति के बाद उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय गरियाँव में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उस समय विद्यालय में छात्र संख्या करीब 50 थी। वर्ष 2019 में विद्यालयों के विलय के बाद वे कम्पोजिट विद्यालय गरियाँव के प्रभारी प्रधानाध्यापक बने। वर्तमान में विद्यालय में 392 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय में आठ शिक्षक, दो शिक्षामित्र और एक अनुचर कार्यरत हैं।


संजय कुमार मिश्र ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय गरियाँव से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने गिरिजा शंकर इंटर कॉलेज नीभापुर से हाईस्कूल, नागरिक इंटर कॉलेज जंघई से इंटरमीडिएट तथा तिलकधारी डिग्री कॉलेज से कृषि में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से परास्नातक, कानपुर विश्वविद्यालय से बीएड तथा अवध विश्वविद्यालय से एमएड किया है।


राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयन की खबर मिलते ही सोमवार को उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर डॉ. अविनाश सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिक्षक संघ के सुशील कुमार उपाध्याय, उपेन्द्र सिंह, जीतलाल बिंद, सुनील कुमार मणि त्रिपाठी, अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।


अपनी उपलब्धि पर संजय कुमार मिश्र ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के समस्त स्टाफ के सहयोग, समर्पण और निरंतर प्रयास से ही विद्यालय को प्रदेश स्तर पर पहचान मिली है।


संजय कुमार मिश्र के पिता वंशीधर मिश्रा नीभापुर इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हैं, जबकि पत्नी वंदना मिश्रा गृहणी हैं। पुत्री आस्था मिश्रा बीफार्मा की पढ़ाई कर रही हैं और पुत्र एआई डेटा से संबंधित बीसीए की पढ़ाई कर रहे हैं।


संजय कुमार मिश्र को मिले इस सम्मान से मुंगराबादशाहपुर, गरियाँव और पूरे जौनपुर जनपद में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने इसे शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related

JAUNPUR 6475652364871593125

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item