डीएम के आदेश भी बेअसर! सेवा सत्यापन लटका, शिक्षक का ऋण अटका
जौनपुर। व्यक्तिगत ऋण के लिए आवश्यक सेवा सत्यापन समय पर न मिलने से एक सहायक अध्यापक का ऋण प्रकरण लंबित हो गया है। शिकायत के बावजूद अब तक कार्रवाई न होने का आरोप लगाया गया है।
जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अर्गुपुरकला, शाहगंज के सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 22 जुलाई 2026 को वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा, जौनपुर को सेवा सत्यापन हेतु पत्र भेजा गया था, लेकिन समय से सत्यापन नहीं भेजा गया। इसके बाद 28 जुलाई को स्मरण-पत्र देने पर कार्यालय में पत्र लेने में टालमटोल की गई। शिकायत के अनुसार, कार्यालय लिपिक हर्षित ने कहा, "ऋण आप लेंगे, सत्यापन लेखाधिकारी क्यों करेंगे?" तथा "पत्र डाक से भेजिए।"
मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई, जिस पर 1 अगस्त 2026 को बेसिक शिक्षा अधिकारी को जांच कर स्पॉट मेमो सहित आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि डीएम के आदेश के बाद भी न तो बैंक को सेवा सत्यापन भेजा गया और न ही शिकायत का निस्तारण हुआ। शिकायत पोर्टल पर मामला अभी भी कार्यालय स्तर पर लंबित है।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी के निर्देशों का तत्काल अनुपालन कराते हुए सेवा सत्यापन शीघ्र उपलब्ध कराने तथा पूरे प्रकरण की नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

