संवैधानिक अधिकारों की गारंटी करें सरकार
पूर्वांचल यात्रा ने महाविद्यालय और कचहरी में किया जनसंपर्क संवाद
जौनपुर। संविधान की शपथ लेकर सरकार में आए लोगों का यह संवैधानिक दायित्व है कि वह व्यक्ति की गरिमा को स्थापित करें और गरिमापूर्ण जीवन के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन व आवास की गारंटी करें। यह बातें आज रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान की पूर्वांचल यात्रा में जौनपुर शहर में टीडी कॉलेज, राज कॉलेज में छात्रों व अध्यापकों से संवाद और जिला कलेक्ट्रेट व दीवानी में अधिवक्ताओं से संपर्क करते हुए उठी।
वक्ताओं ने कहा कि देश में संसाधनों की कमी नहीं है, बशर्ते सरकार कॉर्पोरेट की संपत्ति पर मात्र दो प्रतिशत संपत्ति टैक्स लगाए और काली पूंजी का नियंत्रण करें तो मौजूदा बजट का आकार बढ़ाया जा सकता है और जन कल्याण पर ज्यादा खर्च किया जा सकता है। लोगों को यह भी बताया गया कि उत्तर प्रदेश का विकास अवरुद्ध है। सरकार का पूंजी निवेश का सारा दावा खोखला है और इन्वेस्टर सबमिट एक मजाक बनकर रह गई। सच्चाई यह है कि प्रदेश के लोगों की बैंकों में जमा पूंजी यहां से दूसरे प्रदेशों में चली जा रही है। इसे यहां निवेश नहीं किया जा रहा। यात्रा में यह बात भी प्रमुखता से उठी कि प्रदेश की बैंकों में जमा पूंजी प्रदेश में ही लगाई जाए और रोजगार सृजन पर इसको खर्च किया जाए। पूर्वांचल यात्रा का जौनपुर में स्वागत पूर्व विधायक अरशद खान ने किया और गांधीवादी सर्वोदय मंडल अध्यक्ष शिराज अहमद ने धन्यवाद दिया। संवाद का संचालन डॉ. शम्मी कुमार सिंह ने किया।
पूर्वांचल यात्रा में हुए संवाद को आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, यात्रा संयोजक मंडल सदस्य डॉ. राम प्रकाश गौतम, रोजगार अधिकार अभियान के नेशनल कोऑर्डिनेटर राजेश सचान, जफर अहमद, रूबी सिंह गोड़, सिकंदरपुर महाविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष निशांत राज, अर्जुन प्रसाद, गुलशन गोड, इंद्रदेव खरवार कृपाशंकर पनिका आदि लोगों ने संबोधित किया।

