दो महीने आठ दिन के गम के बाद लौटी खुशियां, शिया समुदाय ने धूमधाम से मनाया नौरोज

 

जौनपुर। माहे मोहर्रम का चांद दिखाई देने के साथ शुरू हुआ शिया समुदाय में दो महीने आठ दिन तक गम और अज़ादारी का सिलसिला शनिवार की रात समाप्त हो गया। रविवार की सुबह शिया समुदाय के लोगों ने नौरोज और ईद-ए-जहरा का पर्व धूमधाम से मनाकर खुशियों का इजहार किया। इस दौरान नगर के कई मोहल्लों में जुलूस निकाले गए और लोगों ने रंगों से होली खेलकर एक-दूसरे को पर्व की मुबारकबाद दी।

नौरोज के मौके पर लंबे समय से पहने जा रहे काले लिबास को उतारकर लोगों ने रंग-बिरंगे और नए कपड़े धारण किए। घरों में मिठाइयां और विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए गए। परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों के बीच सेवई समेत अन्य व्यंजन बांटकर खुशियां साझा की गईं।

नगर के बलुवाघाट स्थित नौरोज मैदान से रविवार को भव्य जुलूस निकाला गया। ढोल-ताशों की धुन के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे के साथ रंगों की होली खेली। जुलूस नगर के परंपरागत मार्गों से होता हुआ वापस नौरोज मैदान पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।

इसके अलावा बाजार भुआ, पानदरीबा, मुफ्ती मोहल्ला, सिपाह और पोस्तीखाना समेत नगर के विभिन्न मोहल्लों में भी नौरोज का जश्न मनाया गया। बाजार भुआ में शिया समुदाय के लोगों ने विशाल जुलूस निकालकर ईद-ए-जहरा की खुशियां मनाईं।

9 रबीउल अव्वल को मनाई जाती है ईद-ए-जहरा

गौरतलब है कि शिया समुदाय 9 रबीउल अव्वल को ईद-ए-जहरा के रूप में मनाता है। इसे शिया समुदाय के प्रमुख खुशी के अवसरों में से एक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, 8 रबीउल अव्वल को 11वें इमाम हसन अस्करी की शहादत के बाद 9 रबीउल अव्वल को उनके सुपुत्र इमाम मुहम्मद अल-महदी (इमाम-ए-जमाना) ने इमामत की जिम्मेदारी संभाली थी। इसी खुशी में यह दिन ईद-ए-जहरा के रूप में मनाया जाता है।

ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन कर्बला के शहीदों के हत्यारों के अंत की खबर अहलेबैत तक पहुंचने का उल्लेख मिलता है। वहीं कर्बला की त्रासदी के लंबे गम के बाद इमाम जैनुल आबेदीन (इमाम सज्जाद) के चेहरे पर खुशी आने की भी मान्यता है।

दो महीने आठ दिन तक चलने वाले गम और अज़ादारी के दौर की समाप्ति के बाद शिया समुदाय में खुशी के कार्यक्रम शुरू होते हैं। इस अवसर पर लोग एक-दूसरे को ईद-ए-जहरा और नौरोज की मुबारकबाद देते हैं तथा सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

Related

डाक्टर 8953131110837536546

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item