नवरात्र से पहले सड़के की जाय गड्ढामुक्त :दुर्गापूजा महासमिति
पूजा समितियों को प्रतिमा ले जाने में न हो परेशानी, बिजली और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की भी उठी आवाज
जौनपुर। शारदीय नवरात्र की तैयारियों को लेकर श्री दुर्गा पूजा महासमिति की साधारण सभा की बैठक रविवार को महासमिति के केंद्रीय कार्यालय नवदुर्गा शिव मंदिर नखास में अध्यक्ष मनीष देव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, पुरस्कार वितरण और अन्य आयोजनों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।अध्यक्ष मनीष देव ने शारदीय नवरात्र के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि सभी आयोजनों को सुव्यवस्थित, गरिमामय और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए समयबद्ध तैयारी जरूरी है। उन्होंने महासमिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में शारदीय नवरात्र से पहले नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की खराब सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। महासमिति ने जिला प्रशासन से मांग की कि नवरात्र शुरू होने से पहले प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जाए, ताकि विभिन्न पूजा समितियों को मां दुर्गा की प्रतिमाएं पंडालों तक ले जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
इसके साथ ही महासमिति ने नवरात्र के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बेहतर साफ-सफाई और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की भी मांग की।
महासचिव मनीष गुप्ता ने सदस्यों से आगामी कार्यक्रमों को लेकर सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के सामूहिक सहयोग एवं सुझावों से शारदीय नवरात्र के आयोजनों को और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाया जा सकता है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही महासमिति के पदाधिकारी, संरक्षक मंडल और अध्यक्ष मनीष देव के नेतृत्व में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका तथा अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग से मुलाकात करेंगे। इस दौरान जनसमस्याओं से संबंधित मांगों का पत्रक सौंपकर नवरात्र से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की जाएगी।
बैठक में महासमिति के संरक्षकों, प्रबंध कार्यकारिणी सदस्यों एवं अति विशिष्ट सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे। सदस्यों ने नवरात्र के दौरान होने वाले आयोजनों, पुरस्कार वितरण सहित अन्य कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए और सामूहिक सहभागिता से आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर संरक्षक विन्ध्याचल सिंह, निखिलेश सिंह, राधेकृष्ण ओझा, विशिष्ट सदस्य शशांक सिंह, मोती लाल यादव, अनिल अस्थाना, लालचन्द्र निषाद, अनिल साहू, विनोद यादव, अरविन्द बैंकर, अतुल सिंह, विवेक सिंह, राम प्रकाश यादव, गौरव श्रीवास्तव, विश्व प्रकाश श्रीवास्तव, महेश जायसवाल, रत्नेश सिंह, अमित गुप्ता, संदीप जायसवाल, राजन अग्रहरि, शैलेन्द्र मिश्रा, विजय गुप्ता, संजय मोदनवाल, संजय विश्वकर्मा, चंदन यादव, विष्णु, मो. शाहिद, लालता सोनकर, श्रीपाल यादव, ज्ञानेन्द्र दूबे, अभिषेक अग्रहरी, प्रिन्स तनेजा, विवेक जायसवाल सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

