ग्रामीण परिवेश की मान्या ने जेआरएफ परीक्षा में लहराया परचम, इतिहास विषय में हासिल की सफलता
सुइथाकला, जौनपुर। ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी भगासा गांव निवासी मान्या सिंह ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर जून 2026 में आयोजित जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) परीक्षा में इतिहास विषय से सफलता हासिल कर परिवार के साथ-साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही मान्या के चयन की खबर से परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मान्या सिंह स्व. मुख्यनाथ सिंह की पौत्री हैं। शुरू से ही मेधावी छात्रा रहीं मान्या ने ग्रामीण परिवेश में रहकर इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने इतिहास विषय में परास्नातक की उपाधि हासिल की। जून 2026 में आयोजित जेआरएफ परीक्षा में इतिहास विषय से सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया।
मान्या ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, माता-पिता के सहयोग और गुरुजनों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और पूरी लगन से प्रयास किया जाए तो सीमित संसाधनों के बावजूद सफलता हासिल की जा सकती है।
मान्या के पिता हेमंत सिंह मुंबई में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता नीतू सिंह गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बीच बेटी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार गौरवान्वित है। मान्या की सफलता की खबर मिलने पर गांव और क्षेत्र के लोगों में भी हर्ष व्याप्त है। मित्रों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

