स्वदेशी की ओर बढ़ते कदम, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार : जिलाधिकारी

 

जौनपुर। स्वदेशी जागरण मंच, काशी प्रांत के अंतर्गत स्वावलंबी भारत अभियान के तहत संचालित "मैं भी स्वदेशी समर्थक" अभियान के माध्यम से जनपद में स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों के प्रति जन-जागरण का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अभियान के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खेड़िया तथा टीडी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह से भेंट कर उन्हें अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया तथा स्वदेशी के जनआंदोलन को और अधिक व्यापक बनाने पर चर्चा की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि "स्वदेशी केवल आर्थिक अवधारणा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। जब समाज स्थानीय उत्पादों के उत्पादन, उपयोग और प्रोत्साहन को अपनाता है, तभी आत्मनिर्भर भारत का संकल्प वास्तविक रूप लेता है। युवाओं को स्वदेशी विचारधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है, क्योंकि यही वर्ग भविष्य के भारत की आर्थिक एवं सामाजिक दिशा तय करेगा।"

मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खेड़िया ने कहा कि "शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं के बीच इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हैं। जब युवा स्वदेशी और स्थानीय संसाधनों की शक्ति को समझेंगे, तभी आत्मनिर्भरता का सपना जन-जन तक पहुँचेगा।"


टीडी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह ने कहा कि "भारत जैसे युवा राष्ट्र में रोजगार का स्थायी समाधान उद्यमिता, कौशल विकास और स्वरोजगार के विस्तार में निहित है। स्वदेशी अभियान युवाओं को केवल रोजगार खोजने की नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने की प्रेरणा देता है। ऐसे प्रयास आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की आधारशिला सिद्ध होंगे।"

अभियान के दौरान हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. राजेदेव दुबे, प्रो. महेंद्र त्रिपाठी, डॉ. मनोज सिंह, डॉ. प्रशांत त्रिवेदी सहित अनेक प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने "मैं भी स्वदेशी समर्थक" अभियान से जुड़कर स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत सह-समन्वयक डॉ. विवेक मिश्र, प्रांत सह शोध कार्य प्रमुख डॉ. मनोज पांडेय तथा प्रांत सह युवा प्रमुख उद्देश्य सिंह ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वदेशी केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण का राष्ट्रीय संकल्प है।

Related

JAUNPUR 5555360337729999960

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item