बरगुदर पुल से सई नदी में कूदी बीएससी छात्रा, दो घंटे बाद नदी से मिला श*व
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस, गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान, मौके से साइकिल और चप्पल बरामद
जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के बरगुदर पुल से बुधवार सुबह सई नदी में छलांग लगाकर बीएससी प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने कथित रूप से आ*त्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद छात्रा का शव नदी से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, डीहजहनिया गांव निवासी मुन्नालाल प्रजापति की पुत्री श्वेता प्रजापति क्षेत्र के गुलजारगंज-रईया स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब सात बजे वह किसी बात से नाराज होकर घर से साइकिल लेकर निकली और बरगुदर पुल पहुंचने के बाद सई नदी में छलांग लगा दी। पुल पर उसकी लाल रंग की साइकिल और चप्पल मिली है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल से गुजर रहे राहगीरों ने छात्रा को नदी में कूदते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह एवं उपनिरीक्षक विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुल से लगभग 50 मीटर आगे छात्रा का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने श*व को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्रा के परिजन मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा छात्रा द्वारा यह कदम उठाए जाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

