प्रेम सम्बन्ध का दर्दनाक अन्त, उपचार के दौरान प्रेमी-प्रेमिका ने तोड़ा दम

 शादी से परिजनों ने किया इनकार तो दोनों ने खा लिया था जहरीला पदार्थ


सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के कुसिया बहार गांव में शादी की जिद को लेकर जहरीला पदार्थ खाने वाले प्रेमी युगल की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवती के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया जबकि युवक का अंतिम संस्कार परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही कर दिया। मामले में पुलिस का कहना है कि युवक की मौत की सूचना उन्हें नहीं दी गई थी।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी 19 वर्षीय युवती और सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मझलीपट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय युवक के बीच प्रेम सम्बन्ध था। सोमवार को युवक युवती के घर पहुंचकर विवाह की बात करने लगा। परिजनों के विरोध के बाद दोनों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर दोनों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में सोमवार देर शाम युवती की मौत हो गई।
चिकित्सकों ने उसकी मौत की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद सरपतहा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किए गए युवक ने भी रास्ते में  दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि युवक के परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इस बाबत पूछे जाने पर प्रभारी थानाध्यक्ष कमल किशोर राय ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने पर युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। युवक की मृत्यु की जानकारी पुलिस को नहीं मिली थी। यदि सूचना प्राप्त होती है तो नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जायेगी।

पति के बाद बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सूरज की मौत से उसके परिवार पर गहरा संकट आ गया है। करीब 5 माह पहले हार्ट अटैक से उसके पिता घूरेराम का निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद मां आशा किसी तरह 2 बेटों और 3 बेटियों के साथ परिवार संभाल रही थीं लेकिन बड़े बेटे की असमय मौत ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया। परिवार के अनुसार छोटा बेटा अभी चार वर्ष का है। बेटे की मौत के बाद मां और दादी प्रभावती का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item