यूनियन बैंक जिवली से संबद्ध गौराबादशाहपुर कस्बे के बीसी संचालक पर लगा फर्जीवाड़े का आरोप, पीड़ित काट रहे बैंक का चक्कर

 

गौराबादशाहपुर (जौनपुर): कस्बे में स्थित बैंक कॉरेस्पोंडेंट (बीसी) केंद्र के संचालक पर भोले-भाले ग्रामीणों को झांसा देकर उनके बैंक खातों से फर्जी तरीके से पैसे निकालने का गंभीर आरोप लगा है। यह बीसी केंद्र जिवली स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से संबद्ध बताया जा रहा है। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने खाते में धनराशि जमा करने अथवा निकासी के लिए गौराबादशाहपुर कस्बे में संचालित बीसी केंद्र पर गए थे, जहां संचालक ने फिंगरप्रिंट ऑथेंटिकेशन के नाम पर उनसे मशीन पर बार-बार अंगूठा लगवाया और उनके खातों से अनधिकृत रूप से रुपये उड़ा लिए। खाते से पैसे कटने का मैसेज मिलने पर जब खाताधारकों को ठगी का अहसास हुआ तो वे शिकायत लेकर केंद्र पर पहुंचे, लेकिन संचालक टालमटोल करने लगा।

ठगी का शिकार हुए पीड़ित ग्रामीण अपनी गाढ़ी कमाई वापस पाने की आस में रोजाना जिवली स्थित यूनियन बैंक की शाखा के चक्कर काटने को मजबूर हैं। बैंक परिसर में पहुंचकर लोग अधिकारियों से पैसे वापस दिलाने की गुहार लगा रहे हैं, जिससे आए दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी संचालक लंबे समय से कई लोगों के खातों में सेंध लगाकर हजारों रुपये का गबन कर चुका है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है और पीड़ित ग्रामीण पहले बैंक स्तर पर अपनी समस्या का समाधान कराने का प्रयास कर रहे हैं। इस बाबत थानाध्यक्ष गंगा सागर मिश्र ने बताया कि मामला अभी पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है और न ही कोई लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। यदि पीड़ितों की ओर से कोई तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related

डाक्टर 7637979410318724906

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item