चोरी की बाइक और तीन तमंचों के साथ शातिर गिरफ्तार, केराकत पुलिस की कार्रवाई
जौनपुर। केराकत कोतवाली पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, तीन तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम कुसरना-नारायणपुर बार्डर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पकड़े गए युवक की पहचान करन यादव पुत्र अभिमन्यु यादव, निवासी लेबरुआ, थाना चन्दवक, जौनपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक .32 बोर का तमंचा, दो .315 बोर के तमंचे, एक जिंदा .32 बोर कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल संख्या UP65DC 2791 बरामद हुई।
पुलिस ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी है। उसके विरुद्ध केराकत थाने में आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं में दो मुकदमे तथा गाजीपुर के खानपुर थाने में चोरी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है।
आपराधिक इतिहास के अनुसार केराकत थाने में मुकदमा अपराध संख्या 260/26 धारा 109(1) बीएनएस एवं 25, 25(1-AA), 3, 9 आर्म्स एक्ट तथा मुकदमा अपराध संख्या 340/26 धारा 317(2) बीएनएस एवं 9/25 व 25(1-AA) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा खानपुर, जनपद गाजीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 139/24 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनोद त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल विनोद यादव, हेड कांस्टेबल अजय यादव, हेड कांस्टेबल सूरज सोनकर, कांस्टेबल रामअवतार सिंह, कांस्टेबल राहुल कन्नौजिया और कांस्टेबल शिवम पाण्डेय शामिल रहे।

