हरियाली तीज पर सजी सुहागिनों की महफिल, कजरी गीतों पर झूमीं महिलाएं
जौनपुर। अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट परिवार की ओर से शहर के एक लॉन में हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव-पार्वती एवं भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। पूजा में मुख्य अतिथि डॉ. शकुंतला यादव, डॉ. स्वाति यादव, डॉ. शैली निगम, रीता जायसवाल, बबीता सिंह, पायल किन्नर एवं राधिका सिंह ने सहभागिता की।
हरियाली तीज के अवसर पर बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं पारंपरिक परिधान और हरे रंग के वस्त्रों में सज-धजकर कार्यक्रम में शामिल हुईं। महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ के भक्ति गीत गाकर अपने पति की दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। विधि-विधान से पूजन कर महिलाओं ने अपनी संस्कृति और परंपरा को जीवंत किया।
कार्यक्रम में अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से महिलाओं को पान खिलाकर पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया। इसके बाद महिलाओं ने कजरी एवं भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। किन्नर समिति की ओर से प्रस्तुत किए गए नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। प्रस्तुति के दौरान महिलाएं भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सकीं और जमकर नृत्य किया।
ट्रस्ट परिवार की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी सुहागिन महिलाओं को आशीर्वाद स्वरूप सिंदूर, बिंदी, मेहंदी, चूड़ियां सहित अन्य श्रृंगार सामग्री भेंट की गई। इस दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में डॉ. शुभा सिंह, डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. माया सिंह, डॉ. अलकेश्वरी सिंह, डॉ. ममता दूबे, वंदना सरकार, डॉ. अंजना श्रीवास्तव, मीरा अग्रहरि, नीलम मिश्रा, सरोज गुप्ता, क्षमा सिंह, पूनम सिंह, रेखा सिंह, राखी सिंह, किरण सिंह, अंजू सिंह, गीता दूबे, नेहा सिंह, रिचा सिंह, अर्चना सिंह, प्रीति गुप्ता, सरिता सिंह, रेखा मिश्रा, रेनू गुप्ता, स्वप्निल श्रीवास्तव, शालिनी सिंह, भारती श्रीवास्तव, चन्दा जायसवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने हरियाली तीज की पारंपरिक संस्कृति, लोकगीतों और आपसी सौहार्द का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। महिलाओं के उत्साह और उमंग से पूरा आयोजन यादगार बन गया।

