विद्यालय के विकास में SMC, पंचायत प्रतिनिधि और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी
मछलीशहर में एक्शन एड की संवाद बैठक, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बाल अधिकारों पर हुई चर्चा
मछलीशहर (जौनपुर)। विकास खंड मछलीशहर के कंपोजिट विद्यालय रामगढ़ में सोमवार को आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन के सहयोग से एक्शन एड द्वारा संचालित नई पहल परियोजना के तहत विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी), पंचायत प्रतिनिधियों (पीआरआई) एवं अभिभावकों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। इसमें कुल 41 लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित लोगों के परिचय के साथ हुई। इसके बाद एक्शन एड के बंशीलाल ने जनपद में संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर चर्चा करते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्य, अधिकार एवं दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया।
बैठक में बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति और विद्यालय में ठहराव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के विकास में अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया गया। साथ ही आपदा के दौरान बचाव और आपदा से पूर्व आवश्यक तैयारियों के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बाल श्रम और बाल विवाह की रोकथाम के साथ महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े विषयों पर परिचर्चा हुई। बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम-2009 तथा बाल श्रम संशोधन अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए आवश्यक हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 और 1098 के बारे में भी बताया गया।
विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मनीषा ने कहा कि इस तरह की बैठकें नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए, जिससे विद्यालय और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी लोग मिलकर प्रभावी प्रयास कर सकें।
बैठक में एक्शन एड की मीना, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, वार्ड सदस्य, अभिभावक एवं समुदाय के लोग, प्रधानाध्यापिका श्रीमती ऊषा देवी, पूजा उमर, पारसनाथ यादव, प्रताप चंद यादव, आनंद कुमार, सभाजीत, ब्लॉक अध्यक्ष रोहित यादव तथा ग्राम प्रधान चतुरी राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने एक्शन एड के कार्यों की सराहना करते हुए विद्यालय एवं बच्चों के हित में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

